अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन के 58 साल में उत्तर प्रदेश ने एक बड़ी उपलब्धि
लोक निर्माण विभाग यूपी के प्रदेश अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी को भारी बहुमत से बने राष्ट्रीय अध्यक्ष
लखनऊ। अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स फेडरेशन के 58 साल के इतिहास में उत्तर प्रदेश ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लोक निर्माण विभाग (PWD), उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी को भारी बहुमत के साथ फेडरेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। 1968 में फेडरेशन के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग का कोई प्रतिनिधि इस सर्वोच्च पद पर आसीन हुआ है।
नई दिल्ली स्थित फेडरेशन कार्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में इं. द्विवेदी ने 57,000 प्रभावी मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस अधिवेशन में लेह-लद्दाख से तमिलनाडु और असम से लेकर गुजरात तक, देश के 28 राज्यों और केंद्रीय संगठनों के डेलीगेट्स ने हिस्सा लिया। बता दें कि यह संगठन देशभर के विभिन्न विभागों में कार्यरत 4 लाख से अधिक डिप्लोमा इंजीनियर्स का प्रतिनिधित्व करता है।
अधिवेशन में उठीं प्रमुख मांगें
दो दिनों तक चले इस मंथन में इंजीनियर्स की व्यावहारिक कठिनाइयों और वेतन विसंगतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिवेशन के दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखी गईं। देशभर में डिप्लोमा इंजीनियर्स के लिए एक समान वेतन लागू करना। तकनीकी आयोग का गठन। पुरानी पेंशन (OPS) की बहाली। आठवें वेतन आयोग के संबंध में प्रतिवेदन तैयार करना।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन
चुनाव के बाद कुल 20 पदों पर नई कार्यकारिणी घोषित की गई। उत्तर प्रदेश का दबदबा बरकरार रखते हुए इं. अरविन्द कुमार झा और इं. अमर नाथ गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि उत्तराखंड के इं. मुकेश रतूड़ी महामंत्री चुने गए। शपथ ग्रहण समारोह के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष इं. एन.डी. द्विवेदी की अध्यक्षता में पहली कार्यकारिणी बैठक संपन्न हुई। कार्यक्रम में निवर्तमान महासचिव इं. मनामोहन राजबोंग्सी को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया और संगठन की स्मारिका का विमोचन भी हुआ।


