किराए के मकान में मिला सरकारी शिक्षिका का नग्न शव, पति पर हत्या की आशंका

Neetu Anu

April 6, 2026

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र से सरकारी शिक्षिका का नग्न शव कमरे से बरामद हुआ

रामपुर/मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी में एक सरकारी शिक्षिका का नग्न शव उनके किराए के कमरे से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान एकता उर्फ पूजा के रूप में हुई है, जो बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत थीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

वारदात का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ जब दूधवाला शिक्षिका के घर पहुँचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने खिड़की से झाँककर देखा। अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए; एकता का शव निर्वस्त्र अवस्था में फर्श पर पड़ा था। शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पारिवारिक कलह और पति पर शक

मूल रूप से मेरठ की रहने वाली एकता चमरौवा ब्लॉक के एक परिषदीय विद्यालय में तैनात थीं। वह पिछले दो साल से अपने पति राहुल और बेटे के साथ यहाँ किराए पर रह रही थीं। पड़ोसियों और परिजनों के अनुसार, पति राहुल नशे का आदी था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हुए झगड़े के बाद राहुल अपने बेटे को लेकर मेरठ चला गया था।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस मृतका के पति और ससुराल पक्ष के संपर्क में है और मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *