मुख्यमंत्री ने किया ‘विरासत गलियारे’ का शिलान्यास, बोले- अब प्रदेश में ‘उपद्रव नहीं उत्सव’ है

Neetu Anu

April 6, 2026

नायक शहीद बन्धु सिंह व क्रांतिकारी पं. राम प्रसाद बिस्मिल की मूर्तियों का अनावरण किया

सीएम योगी ने किया करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के ऐतिहासिक घण्टाघर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखते हुए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने पाण्डेयहाता में 34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन किया और 29 करोड़ रुपये से हुए घण्टाघर के जीर्णोद्धार एवं शहीद बन्धु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक शहीद बन्धु सिंह और महान क्रांतिकारी पं. राम प्रसाद बिस्मिल की मूर्तियों का अनावरण किया। घण्टाघर में आयोजित सामूहिक ‘वन्दे मातरम्’ गायन में शामिल होते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थान आजादी की लड़ाई का साक्षी रहा है और अब यह गोरखपुर की प्रेरणा का केंद्र बन रहा है। उन्होंने पाण्डेयहाता से धर्मशाला बाजार तक बनने वाले विरासत गलियारे की चर्चा करते हुए कहा कि इससे पूरा क्षेत्र जाम और जल-जमाव से मुक्त होगा और यहाँ फिल्मों की शूटिंग भी हो सकेगी।

माफिया मुक्त प्रदेश और आर्थिक प्रगति

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ‘डबल इंजन’ सरकार ने गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश को माफिया मुक्त कर दिया है। उन्होंने कहा, “2017 से पहले गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी, लेकिन आज यहाँ सुरक्षा और समृद्धि का माहौल है। अब उत्तर प्रदेश में अराजकता नहीं, बल्कि उत्सव का राज है।”

स्मार्ट और सोलर सिटी की ओर बढ़ते कदम

विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में गोरखपुर में 300 से अधिक कारखाने लगे हैं और गीडा में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार अब गोरखपुर को ‘सोलर सिटी’ के रूप में विकसित करने जा रही है। चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पैनल के लिए धनराशि जारी कर दी गई है, जिससे शहर की स्ट्रीट लाइटें रोशन होंगी। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई विधायक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *