प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचकर सुर्खियों में आई मोनालिसा
बागपत के फरमान खान की शादी का विवाद अब गहराता जा रहा है
बागपत। प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचकर सुर्खियों में आई मोनालिसा और बागपत के फरमान खान की शादी का विवाद अब गहराता जा रहा है। प्रेम विवाह के बाद जहाँ एक ओर कानूनी और फिल्मी जगत के विवाद सामने आ रहे थे, वहीं अब फरमान के परिवार ने भी उनसे पूरी तरह किनारा कर लिया है। बागपत के पलड़ी गांव निवासी फरमान के पिता जाफर अली ने सार्वजनिक रूप से बेटे से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया है।
केरल के मंदिर में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, फरमान और मोनालिसा की मुलाकात करीब छह महीने पहले मुंबई के एक स्टूडियो में हुई थी। इसके बाद फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के सेट पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। 11 मार्च को दोनों ने केरल के एक मंदिर में शादी करने के बाद उसे रजिस्टर्ड कराया था। हालांकि, यह शादी शुरुआत से ही विवादों में रही— पहले मोनालिसा के परिजनों ने और फिर फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने इस पर गंभीर आरोप लगाए।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
फरमान के पिता जाफर अली का कहना है कि इस शादी से परिवार की मर्जी शामिल नहीं थी। उन्होंने बेटे पर आरोप लगाते हुए कहा कि फरमान पहले अक्सर घर आता था और फिल्म बनाने के नाम पर कई बार परिवार से मोटी रकम भी लेकर गया। पिता ने स्पष्ट किया कि शादी के बाद से फरमान का परिवार से कोई संपर्क नहीं है और अब वे जल्द ही उसे बेदखल करने के लिए कानूनी कागजी कार्रवाई भी पूरी करेंगे।
विवादों के साये में ‘लव स्टोरी’
यह मामला तब और पेचीदा हो गया जब मोनालिसा ने खुद फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर आरोप लगाए। एक तरफ जहां यह जोड़ा अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ परिवार का साथ छूटने और कानूनी उलझनों ने इस ‘लव स्टोरी’ को एक बड़े विवाद में तब्दील कर दिया है।

