बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती ने कमान संभाली
लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय में एक हाई-प्रोफाइल बैठक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी पकड़ को फिर से मजबूत करने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती ने कमान संभाल ली है। कल यानी 31 मार्च (मंगलवार) को राजधानी लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय में एक हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें संगठन की भविष्य की दिशा तय होगी।
इस बैठक में यूपी स्टेट कमेटी और सभी जिलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। मायावती खुद प्रत्येक जिले की प्रगति रिपोर्ट (Progress Report) का विश्लेषण करेंगी। बैठक के केंद्र में मुख्य रूप से ये तीन मुद्दे रहेंगे।
जिनमें बसपा के पारंपरिक जनाधार को फिर से एकजुट करना और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बनाने पर चर्चा। आगामी चुनावों के मद्देनजर हर बूथ पर ‘नीले झंडे’ की मजबूती सुनिश्चित करना।
सीधे संवाद से बढ़ेगा उत्साह
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मायावती का पदाधिकारियों के साथ यह सीधा संवाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगा। बैठक के दौरान वे न केवल फीडबैक लेंगी, बल्कि आगामी महीनों के लिए ठोस रणनीति और दिशा-निर्देश भी जारी करेंगी। बसपा की यह सक्रियता उत्तर प्रदेश के आगामी राजनीतिक घटनाक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है।

