राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने बनाई क्वॉटर फाइनल में जगह
स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए मुकाबले
लखनऊ। राजधानी के लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन बड़ा उलटफेर देखने को मिला। इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित और एसडीएस (SDS) टेनिस अकादमी द्वारा आयोजित इस एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट में राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वरीय खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में राजस्थान के क्वालीफायर खिलाड़ी अमित ने जबरदस्त मानसिक मजबूती का परिचय दिया। उन्होंने छठी वरीयता प्राप्त उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया। एक अन्य मुकाबले में हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने तीसरी वरीयता प्राप्त पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी को 6-4, 6-2 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए मंगलवार का दिन निराशाजनक रहा। जहां अंशुमान सिंह बाहर हुए, वहीं ऋषि यादव और वंश यादव को भी कड़े संघर्ष के बाद हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा के वंश नंदल ने ऋषि यादव को 5-7, 6-4, 6-2 से, जबकि दूसरी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने वंश यादव को 2-6, 6-3, 6-3 से हराया। शीर्ष वरीय मयंक शर्मा (दिल्ली) ने अपना दबदबा कायम रखते हुए हर्ष मलिक को 6-2, 6-3 से मात दी।
युगल और टैलेंट हंट के परिणाम
पुरुष युगल के पहले दौर में लव-जसराज, उपनिषद-सौरभ और वंश-मयंक की जोड़ियों ने अपने-अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित की। वहीं, इसी परिसर में समानांतर चल रहे स्वरूप अग्रवाल प्राइजमनी टैलेंट हंट (प्राइजमनी 1.5 लाख) के बालक अंडर-10 वर्ग में अव्यान जैन ने अव्यांश पाठक को 4-2 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।

