इलाहाबाद की धमाकेदार जीत: कात्यायनी का जलवा
कानपुर की दूसरी जीत: सिद्धि मिश्रा की घातक गेंदबाजी
लखनऊ। सेज क्रिकेट मैदान (1090 चौराहा) पर खेले जा रहे प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन इलाहाबाद महिला विंग और केसीए (KCA) कानपुर ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से मान्यता प्राप्त इस आयोजन में खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से अपना लोहा मनवाया।
दिन के पहले मुकाबले में इलाहाबाद महिला विंग ने गोरखपुर को 108 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलाहाबाद ने निर्धारित 25 ओवरों में 4 विकेट खोकर 174 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
सलामी जोड़ी मीनाक्षी यादव (44 रन) और नमस्या सिंह (46 रन) ने टीम को ठोस शुरुआत दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कात्यायनी पाठक ने महज 38 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रनों की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम इलाहाबाद की सटीक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 16.4 ओवरों में मात्र 66 रनों पर ढेर हो गई। इलाहाबाद की ओर से राधा पाण्डेय ने 3 और कात्यायनी पाठक ने 2 विकेट चटकाकर जीत सुनिश्चित की।
दूसरे रोमांचक मुकाबले में केसीए कानपुर ने सहारनपुर को 21 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। निर्धारित 18 ओवरों में कानपुर ने 7 विकेट पर 129 रन बनाए। शिबु सिंह पाल (28) और श्वेता वर्मा (24) ने उपयोगी योगदान दिया।
130 रनों के लक्ष्य के जवाब में सहारनपुर की टीम 17.2 ओवर में 108 रनों पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज शिखा शालोट ने 46 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सिद्धि मिश्रा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि सिद्धि सिंह ने नाबाद 15 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी लिए।
मैच के दौरान मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री व आयोजन सचिव हर्षवर्धन सिंह भी मौजूद रहे। यह टूर्नामेंट राधिका फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जो प्रदेश की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।

