ला-मार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में हुए टूर्नामेंट में पहले दिन जबरदस्त उलटफेर
‘स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट’ में कड़ी प्रतिस्पर्धा
लखनऊ। राजधानी के ला-मार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित ‘स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट’ के पहले दिन जबरदस्त उलटफेर देखने को मिले। इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित इस एक लाख रुपये इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव और हरियाणा के सुनील कुमार ने वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
यूपी के लकी लूजर ऋषि यादव ने पांचवीं वरीयता प्राप्त महाराष्ट्र के तनिष्क जाधव के खिलाफ शानदार शुरुआत की। जब ऋषि 6-3, 2-0 से आगे थे, तब तनिष्क ने चोट या अन्य कारणों से मैच छोड़ दिया। हरियाणा के क्वालीफायर सुनील कुमार ने सातवीं वरीयता प्राप्त प्रशांत (हरियाणा) को 6-0, 6-0 के अंतर से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया।
यूपी के खिलाड़ियों का जलवा रहा। छठीं वरीयता प्राप्त अंशुमान सिंह ने बिहार के वैभव सिंह को 6-1, 6-3 से हराया। वहीं, क्वालीफायर वंश यादव ने दिल्ली के सौरव कुमार को रोमांचक डबल टाईब्रेकर में 7-6(2), 7-6(3) से मात दी। चिन्मय देव चौहान ने भी उत्तराखंड के अर्णव को 6-1, 6-1 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट का भी हुआ आगाज
मुख्य टूर्नामेंट के साथ ही स्वरूप अग्रवाल टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि अजय दीक्षित (IRS) द्वारा किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल सहित इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
विशेष: इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा दो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आइटा पुरुष प्राइजमनी की राशि 1 लाख रुपये और टैलेंट हंट टूर्नामेंट की राशि 1.5 लाख रुपये निर्धारित है। राजस्थान के अमित ने हरियाणा के प्रिंगल को 6-1, 6-1 से, केरल के कौशिक ने चौथी वरीय दिल्ली के रिकी चौधरी को 7-5, 6-2 से शिकस्त दी। दूसरी वरीय मयंक शर्मा (दिल्ली) और तीसरी वरीय सार्थक गुलाटी (प. बंगाल) ने भी अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।

