मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीरजापुर में चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा की

Prashant

March 17, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीरजापुर का भ्रमण कर माँ विन्ध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन किए  

आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों के साथ-साथ जनपद के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की

लखनऊ/मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मीरजापुर का भ्रमण कर माँ विन्ध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन किए और आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों के साथ-साथ जनपद के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई कोताही न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि व रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए मेला क्षेत्र में पर्याप्त CCTV कैमरे लगाने और पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए शुद्ध पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और घाटों पर बैरीकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही, पूरे मीरजापुर नगर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया।

विकास और रोजगार पर जोर

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने जनपद में सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन के लिए 100 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

 लंबित वादों का त्वरित निस्तारण और ‘फार्मर रजिस्ट्री’ को शत-प्रतिशत पूर्ण करना। अंतिम घर तक पाइप से जलापूर्ति और ठेकेदारों की जवाबदेही तय करना। गंगा घाटों पर NDRF, SDRF और जल पुलिस की तैनाती तथा नाविकों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना।

मुख्यमंत्री ने विन्ध्यवासिनी कॉरिडोर का अवलोकन भी किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों व उद्यमियों के साथ नियमित संवाद कर स्थानीय समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *