28 मार्च से सजेगी क्रिकेट की महफिल, लखनऊ के इकाना में दिखेगा ‘सुपर जायंट्स’ का जलवा
लखनऊ में फिर लौटेगा आईपीएल का रोमांच, इकाना स्टेडियम को मिली 7 मैचों की मेजबानी
लखनऊ। क्रिकेट प्रेमियों का लंबा इंतज़ार खत्म होने जा रहा है क्योंकि दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का बिगुल बज चुका है। बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए ताजा शेड्यूल के अनुसार, आईपीएल 2026 का आगाज़ 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले चरण के लिए 16 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया गया है, जिसमें कुल 20 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
बेंगलुरु में होगा ‘चैंपियंस’ का महामुकाबला सीजन की शुरुआत एक बेहद हाई-वोल्टेज मैच के साथ होगी। उद्घाटन मुकाबले में पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से लोहा लेगी। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा और इसी के साथ देश में क्रिकेट का बुखार चढ़ना शुरू हो जाएगा।
लखनऊ में नवाबों के शहर का जोश उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एक बार फिर आईपीएल की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले सीजन की तरह इस बार भी इकाना स्टेडियम (भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम) को कुल सात मैचों की मेजबानी मिली है। पहले चरण के शेड्यूल में लखनऊ के प्रशंसकों को दो बड़े मैच देखने को मिलेंगे।
पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मुकाबला 12 अप्रैल को होगा, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। खास बात यह है कि 12 अप्रैल का यह मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जिससे रविवार की छुट्टी का मजा दोगुना हो जाएगा।
डबल हेडर और रोमांचक भिड़ंत शेड्यूल के शुरुआती 16 दिनों में प्रशंसकों को चार डबल हेडर मुकाबले देखने को मिलेंगे। 4-5 अप्रैल और 11-12 अप्रैल को एक ही दिन में दो-दो मैच आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (29 मार्च), राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (30 मार्च) और बेंगलुरु बनाम चेन्नई (5 अप्रैल) जैसे बड़े मुकाबले भी क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन करेंगे।
टी20 विश्व कप के ठीक बाद होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर राजधानी लखनऊ सहित पूरे देश में जबरदस्त उत्साह है। फिलहाल बीसीसीआई ने केवल पहले 20 मैचों का कार्यक्रम साझा किया है, लीग के बाकी मुकाबलों के वेन्यू और तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।

