मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में विकास कार्यों और नवरात्रि तैयारियों की समीक्षा की

Anoop

March 11, 2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बलरामपुर का दौरा कर दिए जरूरी निर्देश

विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और चैत्र नवरात्रि मेले तैयारियों की गहन समीक्षा की

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बलरामपुर का दौरा कर विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों की गहन समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि देवीपाटन शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय और अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य हर हाल में मई 2026 तक पूर्ण किया जाए और इसे एक शोध केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मेडिकल कॉलेज में सभी औपचारिकताएं पूरी कर नए सत्र से पढ़ाई शुरू की जाए ताकि स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कानून-व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों के पास एण्टी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थारू जनजाति और सीमावर्ती क्षेत्रों के पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए।

सीएम योगी ने कहाकिमानसून से पहले नदियों और पहाड़ी नालों के ड्रेनेज व चैनलाइजेशन का कार्य समय से पूरा हो। अधिकारी प्रतिदिन जनता की समस्याओं को सुनें और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत नए सत्र में बच्चों को समय पर ड्रेस, किताबें और जूते-मोजे उपलब्ध कराए जाएं। गौशालाओं को सुदृढ़ कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *