परिवहन निगम एमडी प्रभु एन. सिंह ने दिए सख्त निर्देश, सुधार न होने पर होगी कार्रवाई

Prashant

February 5, 2026

यूपी परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा

प्रदेश के सभी 20 क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की

लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी 20 क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुविधाओं और राजस्व लक्ष्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने कहा कि “भ्रष्टाचार और कदाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। क्षेत्रीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि आय के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जाए और यात्री सुरक्षा के मानकों का पूर्ण पालन हो।”

बिना प्रशिक्षण नहीं चलेंगे चालक: बस दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के आंकड़ों को 50 प्रतिशत तक कम करना प्राथमिकता है। मुख्यालय ने सख्त आदेश दिए हैं कि किसी भी चालक को बिना समुचित प्रशिक्षण के मार्ग पर न भेजा जाए।

पारदर्शिता के लिए ‘सुगम ऐप’ अनिवार्य: एमडी ने निर्देश दिए कि सभी चालकों और परिचालकों की ड्यूटी केवल सुगम ऐप (सॉफ्टवेयर) के माध्यम से ही लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ही यह सॉफ्टवेयर बनाया गया है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

लक्ष्य प्राप्ति और क्षेत्रीय सुधार: 02 फरवरी 2026 तक के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए उन डिपो और क्षेत्रों को चिन्हित किया गया जहाँ बस उपयोगिता, लोड फैक्टर और आय में गिरावट आई है। खराब प्रदर्शन वाले डिपो का क्षेत्रीय एवं सेवा प्रबंधकों को स्वयं भ्रमण कर सुधार करने के निर्देश दिए गए।

फील्ड में उतरें अधिकारी: राजस्व बढ़ाने और अनियमिताओं को रोकने के लिए क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को खुद फील्ड में जाकर चेकिंग करने को कहा गया है। साथ ही, यातायात निरीक्षकों को प्रतिदिन सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *