विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए 31 जनवरी, शनिवार को
सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक जनपद के समस्त 4,132 मतदेय स्थलों (बूथों) पर चलेगा अभियान
लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए 31 जनवरी, शनिवार को जनपद में एक वृहद विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक जनपद के समस्त 4,132 मतदेय स्थलों (बूथों) पर संचालित होगा।
प्रशासन द्वारा जनमानस से अपील की गई है कि वे अपने संबंधित बूथों पर उपस्थित रहकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम चेक कर लें. यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित नहीं है, तो वे मौके पर ही घोषणा पत्र के साथ फार्म-6 भरकर अपने बी०एल०ओ० (BLO) को जमा कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त, मतदाता ऑनलाइन माध्यम से voters.eci.gov.in पर भी आवेदन कर सकते हैं.
नवागत और भावी मतदाताओं के लिए विशेष प्रावधान
इस अभियान की मुख्य विशेषता भावी मतदाताओं के लिए अग्रिम आवेदन की सुविधा है। जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं या वर्ष 2026 की आगामी अर्हता तिथियों (01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026) को 18 वर्ष के होने वाले हैं, वे प्रारूप-6 में अपना दावा अग्रिम रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं। इन आवेदनों पर संबंधित तिमाही की अर्हता तिथि के संदर्भ में विचार कर निर्णय लिया जाएगा।
विभिन्न कार्यों के लिए निर्धारित फॉर्म
निर्वाचक नामावली में सुधार या नाम जोड़ने हेतु निम्नलिखित फॉर्मों का प्रयोग किया जा सकता है। जिसमें फार्म-6: नये मतदाताओं का नाम सम्मिलित करने हेतु, फार्म-7: विद्यमान नामावली से नाम हटाने या शामिल करने पर आक्षेप हेतु, फार्म-8: निवास स्थान परिवर्तन, प्रविष्टियों में सुधार, ईपीआईसी (EPIC) प्रतिस्थापन या दिव्यांगजन चिन्हांकन हेतु, अनिवार्यता: फार्म-6 और फार्म-8 (शिफ्टिंग की स्थिति में) के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है, सभी नागरिक इन फॉर्मों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भर सकते हैं या ऑफलाइन संबंधित पदाभिहित स्थलों पर जमा कर सकते हैं।

