लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी जनगणना की अधिसूचना में जाति का कॉलम ही गायब है। उन्होंने इसे पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों (PDA) के अधिकारों को छीनने की एक बड़ी साजिश करार दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जातीय जनगणना के नाम पर भाजपा केवल जुमलेबाजी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का सीधा फार्मूला है—”न गिनती होगी, न आनुपातिक आरक्षण या अधिकारों का जनसांख्यिकीय आधार बनेगा।” अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अब जब इस पर विरोध होगा, तो भाजपा सरकार इसे ‘टाइपिंग मिस्टेक’ बताकर अपना पल्ला झाड़ लेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर चुनाव अधिकारियों के साथ मिलकर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा फर्जी वोट जुड़वा रही है और योजनाबद्ध तरीके से PDA समाज के वोट काट रही है। अखिलेश ने कन्नौज विधानसभा के 200 से अधिक फर्जी और डबल वोटरों की सूची दिखाते हुए कहा कि ‘विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण’ (SIR) के बाद भी धांधली जारी है। उन्होंने मांग की कि आधार कार्ड को मेटल का बनाकर सीधे मतदाता सूची से जोड़ दिया जाए, ताकि फर्जीवाड़ा हमेशा के लिए बंद हो जाए।
सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग को सपा की ‘टेक्निकल टीम’ को यह समझाना चाहिए कि SIR प्रक्रिया में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा, “मैन्युअल तरीके से हम कितने फर्जी वोट ढूंढेंगे? चुनाव आयोग हमारे कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दे या कोई लैब बताए जहाँ हम सीख सकें कि मतदाता सूची में हेराफेरी को कैसे पकड़ा जाए।”
जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर संकल्प
सपा मुख्यालय में भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर अखिलेश ने कहा कि “हमने संकल्प लिया है कि कर्पूरी ठाकुर जी के सपनों को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश में PDA की सरकार बनाएंगे और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे।” इस दौरान उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के जीवन पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में राजेंद्र चौधरी और राम अचल राजभर जैसे दिग्गज नेता उपस्थित रहे।
शंकराचार्य के समर्थन में आए अखिलेश
एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य सच्चाई पर डटे हैं और उन्होंने “नकली सनातनियों” की पोल खोल दी है। अखिलेश ने कहा कि कलयुग के ‘कालनेमि’ जनता को धोखा दे रहे हैं और देश का हर सच्चा सनातनी शंकराचार्य जी के साथ खड़ा है।
भ्रष्टाचार और ग्रीन कॉरिडोर पर निशाना
अखिलेश यादव ने लखनऊ में बन रहे ग्रीन कॉरिडोर की डिजाइन को त्रुटिपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ के सरकारी ठेके केवल कुछ खास लोगों को दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जिक्र किया कि उनके पास 30 से ज्यादा गायें हैं, जिससे उन्होंने अपनी धार्मिक आस्था और गौ-सेवा को रेखांकित किया।

