20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने किया आयोजन
एनसीसी इकाई द्वारा लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा के समन्वय से एक विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया
लखनऊ: 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज के संयुक्त तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई और शिक्षकों की ओर से महाविद्यालय परिसर में स्थित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर ज्ञान की अधिष्ठात्री का वंदन किया गया।
इस विशेष अवसर पर एनसीसी इकाई द्वारा लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा के समन्वय से एक विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 20 यूपी गर्ल्स बटालियन की कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल कविता रामदेवपुत्रा, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. कुमुद बाजपेई, मेजर डॉ. शमीना पारेख और डॉ. (लेफ्टिनेंट कर्नल) अल्पना गुप्ता सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। शिविर के दौरान लगभग 15 एनसीसी कैडेट्स और 5 प्राध्यापकों ने रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की। इसके अतिरिक्त कैडेट्स के लिए आंखों की जांच, पैथोलॉजी टेस्ट और गायनोकोलॉजिस्ट कंसल्टेशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सैनिक और महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. जितेंद्र दुबे ने नेताजी के जीवन के प्रेरक प्रसंग साझा किए। प्राचार्य प्रो. रश्मि बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति समर्पित होना चाहिए। कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण ‘इनोवेशन ऑफ चेंज’ एनजीओ के स्लम एरिया के बच्चों द्वारा बनाई गई नेताजी की ‘पिक्सेल आर्ट’ फोटो रही, जिसकी कलात्मकता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

