तलाक की चर्चाओं के बीच दोनों पक्षों ने साधी चुप्पी, हैकिंग के दावे पर भी नहीं हुई FIR
प्रतीक यादव के पोस्ट के बाद सुलह की कोशिशें तेज, अपर्णा यादव का फिलहाल राजनीति पर फोकस
लखनऊ। सपा संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के परिवार में शुरू हुआ ताजा विवाद अब चुप्पी के दौर में पहुँच गया है। प्रतीक यादव द्वारा इंस्टाग्राम पर तलाक की बात कहे जाने के एक दिन बाद, मंगलवार को दोनों ही पक्षों ने इस मामले पर पूरी तरह मौन साध लिया है। हालांकि अपर्णा यादव की ओर से कल यह दावा किया गया था कि प्रतीक का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस गंभीर मामले में अब तक पुलिस के पास कोई एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं कराई गई है।
शुभचिंतकों की सुलह की कोशिशें? सियासी गलियारों और पारिवारिक सूत्रों से छनकर आ रही खबरों की मानें तो, दोनों परिवारों के करीबी और शुभचिंतक इस समय मध्यस्थता करने में जुटे हैं। सोमवार को प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से दो तीखी पोस्ट साझा की थीं, जिनमें अपर्णा यादव के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए तलाक लेने की बात कही गई थी। इन पोस्ट्स के बाद सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स लगातार उन्हें परिवार न तोड़ने की सलाह दे रहे हैं।
अपर्णा की चुप्पी और नई पोस्ट तलाक की खबरों के बीच, अपर्णा यादव ने आज अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में इस विवाद का कोई जिक्र नहीं किया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पदभार ग्रहण से जुड़ी एक सामान्य राजनीतिक पोस्ट साझा की, जो यह संकेत देता है कि वह खुद को सार्वजनिक रूप से केवल काम पर केंद्रित दिखाना चाह रही हैं। फिलहाल, मामला हैकिंग का है या घरेलू अनबन का, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है क्योंकि तकनीकी रूप से इसे साबित करने के लिए कोई कानूनी कदम नहीं उठाया गया है।

