कार्यकर्ताओं से बोले पंकज चौधरी, घर-घर जाकर जनता से बनाएं संवाद
संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत: पंकज चौधरी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक जीत के लक्ष्य के साथ अभी से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए हर दायित्व को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है। हर कार्यकर्ता को संपर्क, संवाद और सेवा के भाव के साथ जनता के बीच जाकर कार्य करना होगा।
पार्टी मुख्यालय में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में पंकज चौधरी सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों, महामंत्रियों, संयोजकों और सहसंयोजकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विभागों और प्रकोष्ठों में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संगठन में कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता। कार्यकर्ता अपने परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के बल पर पार्टी और समाज में अपनी पहचान बनाता है। समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में विभागों और प्रकोष्ठों की निर्णायक भूमिका होती है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत बनता है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जिससे देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था, सुशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है। मुद्दाविहीन विपक्ष झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन भाजपा का जागरूक और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता तथ्यों और सच्चाई के साथ विपक्ष के हर झूठ को बेनकाब करेगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित और विचारधारा-प्रधान संगठन है। पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका अनुशासित, समर्पित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता है, जो हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाए, ताकि संगठन और समाज के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो।

