मायके पक्ष का आरोप– दहेज के लिए ससुरालियों ने हत्या कर तालाब में फेंका
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा, घटना के बाद से ससुराल पक्ष फरार
बहराइच। जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता और उसकी दो मासूम बेटियों के शव तालाब में मिले। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए मां-बेटियों की हत्या कर शव तालाब में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोट बाजार निवासी विष्णु गुप्ता पुत्र बजरंगी लाल गुप्ता पयागपुर बस स्टॉप के पास किराए के मकान में रहकर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाता है। उसके मकान के पीछे एक गहरा तालाब स्थित है। शनिवार देर रात लोगों को तालाब में किसी के गिरने की सूचना मिली। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि विष्णु की पत्नी आशा उर्फ मीनू (35) अपनी बेटियों नंदिनी (7) और प्राची (2) के साथ तालाब में डूब रही थी।
अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह महिला और एक बच्ची को देर रात बाहर निकाला, लेकिन तब तक आशा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। नंदिनी को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां रविवार तड़के इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों की मदद से सबसे छोटी बच्ची प्राची का शव रविवार सुबह करीब 11 बजे तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग खैरीघाट थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव से पयागपुर पहुंचे। मृतका के पिता कन्हैया लाल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी करीब 12 वर्ष पहले विष्णु गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद लगातार बेटियों के जन्म को लेकर ससुराल पक्ष बेटी को ताने देता था और दहेज की मांग करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमारी के समय भी बेटी पर पैसों का दबाव बनाया जाता था और लड़का न होने के कारण उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या की साजिश। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

