वीबी–जी राम जी से विकसित भारत का मार्ग होगा प्रशस्त: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

Prashant

December 27, 2025

वीबी–‘जी राम जी’ अधिनियम से गरीब व मजदूरों को मिलेगी नई शक्ति: केशव प्रसाद मौर्य

स्मार्ट सिटी की तर्ज पर बनेंगे स्मार्ट गांव-गांव की गलियां ग्रामीणों का हाइवे हैं,

गांव की समस्याओं का समाधान गांव में ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गांव की समस्याओं का समाधान गांव में ही कराना देश एवं प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को प्रदेश के हर जिले के प्रत्येक विकासखंड की दो ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। वे शुक्रवार को जनपद श्रावस्ती के विकासखंड हरिहरपुररानी के भंगहा गांव में आयोजित ग्राम चौपाल को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांवों का निर्माण कर रही है। गांव की गलियां ग्रामीणों के लिए हाइवे के समान हैं, जिनका सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पेंशन योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब गांव की महिलाएं सशक्त होंगी, तभी प्रदेश और देश सशक्त बनेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया गया तथा स्कूली छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को आवास की चाभी एवं 05 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के अंतर्गत कुल 466 समूहों को 4 करोड़ 77 लाख रुपये की धनराशि का चेक वितरित किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशभर की तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का संकल्प लिया गया है। उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ दीदियों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा तथा एक करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिवॉल्विंग फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड और बैंक लिंकेज में किसी भी प्रकार की देरी न हो।

उप मुख्यमंत्री ने वीबी–‘जी राम जी’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब और मजदूर वर्ग को नई शक्ति मिली है। कार्य दिवस 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं, जिससे आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर घर नल योजना में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *