अरावली पर्वतमाला दिल्ली-NCR के लिए प्राकृतिक ढाल है; इसके बिना प्रदूषण, तापमान और जल संकट गंभीर हो जाएगा: अखिलेश
उन्होंने ‘अरावली बचाओ’ अभियान में हर नागरिक, संस्था और मीडिया भागीदारी की अपील कर इसे दिल्ली के भविष्य से जोड़ा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अरावली पर्वतमाला को बचाने की अपील करते हुए कहा है कि अरावली का संरक्षण कोई विकल्प नहीं, बल्कि संकल्प होना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबी पोस्ट के माध्यम से दिल्ली-NCR के पर्यावरण, स्वास्थ्य और भविष्य के लिए अरावली को बेहद जरूरी बताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि अरावली दिल्ली-NCR के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच है, जो वायु प्रदूषण कम करने, वर्षा जल संरक्षण, जैव विविधता बचाने और तापमान संतुलन में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने चेताया कि यदि अरावली का विनाश नहीं रोका गया तो दिल्ली स्मॉग, स्वास्थ्य संकट और आर्थिक गिरावट की ओर बढ़ सकती है।
उन्होंने ‘अरावली बचाओ’ अभियान से आम नागरिकों, व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों और मीडिया से जुड़ने की अपील की। उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

