दीप प्रज्वलन कर हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ, एडीएम महेंद्र पाल सिंह रहे मुख्य अतिथि
प्रशिक्षण से स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपदा प्रबंधन दक्षता का होगा विकास
लखनऊ। इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मून हॉल में सोमवार को नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा संचालित वार्डेन क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय बैच का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र पाल सिंह (पीसीएस), अपर जिलाधिकारी (पूर्वी), लखनऊ रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महेंद्र पाल सिंह एवं चीफ वार्डेन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात् चीफ वार्डेन श्री अमरनाथ मिश्र ने मुख्य अतिथि को अंग-वस्त्र, पुष्प-गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की कार्यक्षमता, अनुशासन एवं दक्षता को सुदृढ़ करने का अनिवार्य माध्यम है। इसके द्वारा स्वयंसेवकों को उनके दायित्वों, अधिकारों एवं कार्यप्रणाली की समुचित जानकारी मिलती है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक प्रभावी, समयबद्ध एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी कौशल, आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता, समन्वय एवं संसाधनों के समुचित उपयोग की दक्षता विकसित होती है।
मुख्य अतिथि महेंद्र पाल सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण हर आयु वर्ग के लिए आवश्यक है। जिस प्रकार कक्षा में विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षक मार्गदर्शन देते हैं, उसी प्रकार प्रशिक्षक स्वयंसेवकों की कार्यक्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षण का विशेष महत्व है, क्योंकि प्रशिक्षित स्वयंसेवक ही आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन को प्रभावी सहयोग प्रदान कर सकते हैं। प्रशिक्षण से शासन एवं प्रशासन की योजनाओं का क्रियान्वयन भी सुचारु रूप से सुनिश्चित होता है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डिवीजन वार्डेन मोहम्मद नफीस, रामगोपाल, दिनेश माथुर, गुफरान, एश्वर्य, अनिल, अरविन्द्र मिश्रा, उपनियंत्रक रविन्द्र कुमार, सहायक उपनियंत्रक मनोज वर्मा, ऋषि कुमार, ममता रानी, मुकेश कुमार, रेखा जी सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

