न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, रात और सुबह की मौसम विभाग की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में अगले 72 घंटों में पारा और नीचे जाने के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से ठंड तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को अयोध्या प्रदेश का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बरेली और कानपुर में भी पारा 6.7 डिग्री रहा, जबकि बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने रात और तड़के के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। इससे सुबह कोहरे और ठिठुरन का असर और तीव्र होने की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ला-नीना के कमजोर होने और हिंद महासागर की तटस्थ स्थिति के कारण इस सर्दी में दिन का तापमान भी अक्सर सामान्य से कम बना रह सकता है। दिसंबर से फरवरी के बीच ठंड की तीव्रता अधिक रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में भी बढ़ी ठंड
उत्तराखंड के दून घाटी समेत देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी में सुबह का तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मसूरी, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और चमोली जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री तक चला गया है। पहाड़ों में रात और सुबह बेहद ठंडी बनी हुई है।
हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी सर्दी
हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री तक गिर गया है, जबकि शिमला में भी पारा 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चार और पांच दिसंबर को कई ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

