महिला सशक्तीकरण से ही आत्मनिर्भर भारत का निर्माण : सीएम योगी

Anoop

November 22, 2025

 “आधी आबादी आगे बढ़ेगी, तो समाज आगे बढ़ेगा”FICCI FLO कार्यक्रम में सीएम

FICCI FLO लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इंटर-स्टेट मीट

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आधी आबादी आत्मनिर्भर होगी, तभी प्रदेश और देश आत्मनिर्भर बन पाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महिलाएं निर्णायक भूमिका निभाएंगी। सीएम योगी शनिवार को राजधानी लखनऊ में FICCI FLO लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इंटर-स्टेट मीट को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ठोस कदम उठा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिला वर्कफोर्स 2017 के 12–13 प्रतिशत से बढ़कर आज 35–36 प्रतिशत हो गई है। पुलिस विभाग में भी महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है—2017 में केवल 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, जो आज बढ़कर 44 हजार पहुंच गई हैं। सीएम ने कहा कि बीसी सखी योजना के माध्यम से गांवों की महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा गया है। ये महिलाएं अपने गांव में ही वित्तीय सेवाएं देकर 25 हजार से सवा लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन के सफल मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी तर्ज पर लखनऊ, आगरा, वाराणसी और गोरखपुर में नये संगठन स्थापित किए जा रहे हैं।

योगी ने कहा कि महिला स्टार्टअप्स प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान दे रहे हैं। प्रदेश में 16 हजार से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं, जिनमें अधिकांश का संचालन महिलाएं कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने FICCI FLO से सरकार की योजनाओं से अधिकाधिक महिलाओं को जोड़ने और प्रशिक्षण-उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *