दिव्यांगजन की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बना ‘दिव्य दीपावली मेला-2025’

Anoop

October 18, 2025

पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण नरेन्द्र कश्यप के निर्देशानुसार

16 से 17 अक्टूबर तक जवाहर भवन-इंदिरा भवन परिसर, अशोक मार्ग, लखनऊ में हुआ

लखनऊ। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण नरेन्द्र कश्यप के निर्देशानुसार राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश के कार्यालय द्वारा दिव्य दीपावली मेला-2025 का आयोजन 16 से 17 अक्टूबर तक जवाहर भवन-इंदिरा भवन परिसर, अशोक मार्ग, लखनऊ में हुआ। मेले का शुभारंभ प्रमुख सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग  सुभाष चन्द शर्मा ने किया।

प्रमुख सचिव ने कहा कि दिव्य दीपावली मेला दिव्यांगजन के कौशल, सृजनशीलता और आत्मनिर्भरता का मंच है। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित करना है। इस प्रकार के आयोजन न केवल उनके उत्पादों के लिए विपणन मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक स्वीकृति को भी बल देते हैं।

दिव्य दीपावली मेला में प्रदेशभर के 35 संस्थानों और विद्यालयों के दिव्यांगजन एवं उनके प्रशिक्षकों द्वारा निर्मित उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई है। इन उत्पादों में पर्यावरण अनुकूल  दीपक, मोमबत्तियाँ, पूजा सामग्री, सजावटी सामान, हस्तनिर्मित आभूषण, वस्त्र, खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प और मिट्टी के उत्पाद प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में आए नागरिकों ने दिव्यांगजन की कला एवं परिश्रम की सराहना करते हुए उत्साहपूर्वक खरीदारी की, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का प्रोत्साहन मिला।

राज्य आयुक्त हिमांशु शेखर झा ने बताया कि यह मेला दिव्यांगजन की स्वावलंबन यात्रा को गति देने की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो समाज को समावेशी और संवेदनशील बनाने का संदेश देता है। यह आयोजन 17 अक्टूबर, 2025 तक जारी रहेगा। दिव्य दीपावली मेला में संयुक्त निदेशक  अमित कुमार सिंह,  ब्रजेश कुमार त्रिपाठी व  रणजीत सिंह, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी  पवन कुमार द्विवेदी, उपनिदेशक  अनुपमा मौर्या व  राजेश कुमार मिश्र, उपायुक्त  अमित कुमार राय, तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी  शशांक सिंह सहित प्रतिभागी संस्थाओं के प्रतिनिधि और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *