अयोध्या में हर बार से ज्यादा भव्य दीपोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गईं हैं।
अयोध्या में हर बार से ज्यादा भव्य दीपोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गईं हैं।
लखनऊ। राम की नगरी अयोध्या धाम में इस बार दीपोत्सव अधिक भव्य-दिव्य होगा। 19 अक्तूबर को होने वाले दीपोत्सव में पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषणमुक्त ग्रीन आतिशबाजी शो आयोजित किया जाएगा। 14 वर्षों के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में सरयू नदी का आकाश आतिशबाजी से आलोकित होगा। इसी कड़ी में 10 मिनट तक कोरियोग्राफ्ड ग्रीन एरियल आतिशबाजी शो मुख्य आकर्षण होगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विभाग ने भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की दिव्य अनुभूति कराने के लिए पूरे शहर को भव्य रूप से सजाने-संवारने की योजना बनाई है। इस वर्ष दीपोत्सव में सरयू घाटों पर 26 लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित होंगे और नदी तट को विशेष सजावट से संवारकर आकर्षक बनाया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पूरा अयोध्या धाम रंगबिरंगी लाइटों से सुशोभित होगा।
अतिशबाजी का कंप्यूटराइज्ड होगा संचालन
जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए बिना किसी नुकसान के ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो को कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है। यह आतिशबाजी सरयू नदी की शांत लहरों पर चमकदार परछाइयों के साथ अद्भुत दृश्य उत्पन्न करेगी। यह शो 10 मिनट का होगा। इसे पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड तकनीक से संचालित किया जाएगा।
शो का डिजाइन अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों जैसे- रियो डी जेनेरियो (ब्राज़ील) के रेबेलियन आतिशबाजी शो, फ्रांस के बैस्टिल डे और ब्रिटेन की गाई फॉक्स नाइट की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। आतिशबाजी में ऊंचाई और विविधता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अयोध्या के आसमान में निरंतर रंग-बिरंगे नजारे दिखाई दें।
अतिशबाजी के साथ म्यूजिक बढ़ाएगा शोभा
ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो में संगीत और आधुनिक तकनीकों का अद्भुत मिश्रण होगा। इस शो को पूरी तरह संगीत की धुन पर तैयार होगा। यह अयोध्या के दीपोत्सव को नया आयाम देगा। दीपोत्सव-2025 की शाम सरयू नदी के तट पर आतिशबाजी और संगीत का भव्य संगम आगंतुकों को देखने को मिलेगा। आतिशबाजी की औसत ऊंचाई कम से कम 200 मीटर होगी।