लखनऊ की मुमताज खान एशिया कप टीम में शामिल, खेलजगत में छाई खुशी

Anoop

August 22, 2025

हांगझोऊ (चीन) में 5 से 14 सितंबर तक होगा महिला एशिया कप 2025

विजेता टीम 2026 में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में खेलेगी

लखनऊ। हॉकी इंडिया ने हांगझोऊ (चीन) में 5 से 14 सितंबर तक होने वाले महिला एशिया कप 2025 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की गुरुवार को घोषणा की है। टूर्नामेंट काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसकी विजेता टीम को 2026 में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने का मौका मिलेगा।

भारत को पूल-‘बी’ में रखा गया है, जहां उसका सामना जापान, थाईलैंड और सिंगापुर से होगा। भारतीय टीम 5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 6 सितंबर को जापान और 8 सितंबर को सिंगापुर से मुठभेड़ होगी। टीम में लखनऊ की होनहार हॉकी खिलाड़ी मुमताज खान को जगह मिली है। मुमताज पहले जूनियर हॉकी विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत छाईं। मुमताज को अपने शानदार खेल निरंतर लगन की बदौलत उन्हें राइजिंग स्टार ऑफ द ईयर के खिताब से भी नवाजा जा चुका है। भारतीय महिला हॉकी टीम में उनका चयन लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

टीम की कमान मिडफील्डर सलीमा टेटे हैं। टीम में युवा अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिल रहा है। गोल कीपर की जिम्मेदारी बंसरी सोलंकी, बिचु देवी खरिबाम पर रहेगी। डिफेंस का जिम्मा अनुभवशील निक्की प्रधान और उदिता संभालेंगी। उन्हें मनीषा चौहान, ज्योति, सुमन देवी थौदम और ईशिका चौधरी का साथ मिलेगा।

मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे, नेहा, लालरेमसियामी, शर्मिला देवी, सुनेलिता टोप्पो और वैष्णवी विट्ठल फाल्के जैसी मजबूत खिलाड़ियों का नाम शामिल है। वहीं, फॉरवर्ड लाइन में अनुभवी नवनीत कौर और संगीता कुमारी के साथ मुमताज खान, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग और रुताजा दादासो पिसाल जैसी नए खिलाड़ी शामिल हैं।  

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा, “हांगझोऊ में हो रहे महिला एशिया कप के लिए चुनी गई टीम पर गर्व है। मैंने अनुभव, युवा जोश का सही संतुलन बनाने के भरसक प्रयास किए हैं। टूर्नामेंट महज एक प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप ही नहीं, बल्कि 2026 विश्व कप का क्वालिफायर भी है। मुकाबले खिलाड़ियों की फिटनेस, रणनीति और धैर्य की परीक्षा होंगे। टीम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करेगी और भारत का नाम रोशन करेगी।

टीम में यह होंगे सितारे

भारतीय महिला हॉकी टीम: एशिया कप 2025 में गोलकीपर: बंसरी सोलंकी, बिचु देवी खरिबाम, डिफेंडर: मनीषा चौहान, उदिता, ज्योति, सुमन देवी थौदम, निक्की प्रधान, ईशिका चौधरी, मिडफील्डर: नेहा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सलीमा टेटे (कप्तान), शर्मिला देवी, लालरेमसियामी, सुनेलिता टोप्पो, फॉरवर्ड: नवनीत कौर, रुताजा दादासो पिसाल, ब्यूटी डुंगडुंग, मुमताज खान, दीपिका, संगीता कुमारी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *