राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में जनभवन प्रांगण में किया प्रदर्शनी का शुभारंभ
57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 का औपचारिक उद्घाटन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में जनभवन प्रांगण में आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। राज्यपाल ने न केवल प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन किया, बल्कि बागवानी और आधुनिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
राज्यपाल ने प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले सभी विभागों, संस्थानों और किसानों को बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष आयोजन में रचनात्मकता और नवाचार स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित ‘राम दरबार’ और ‘गोवर्धन पर्वत’ की प्रतिकृतियों की प्रशंसा की। उन्होंने सुझाव दिया कि इन प्रदर्शनों के साथ उनके ऐतिहासिक और शैक्षिक महत्व की जानकारी भी दी जानी चाहिए, ताकि बच्चों को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिले। उन्होंने जोर दिया कि पुष्प सज्जा केवल सजावट तक सीमित न रहकर समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली होनी चाहिए।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि खेती, पशुपालन और उद्यानिकी में वैज्ञानिक ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ड्रिप इरिगेशन, डेयरी विकास और महिला सहभागिता पर जोर देते हुए अधिकारियों को गुजरात की ‘बनास डेयरी’ की कार्यप्रणाली सीखने का सुझाव दिया। साथ ही, उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, बचत की आदत विकसित करने और पोषणयुक्त आहार को बढ़ावा देने की अपील की। बच्चों के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का उल्लेख किया और प्रदर्शनी की अवधि एक दिन (सोमवार तक) बढ़ाने की घोषणा की।

डाक विभाग की विशेष पहल: “लखनऊ पेक्स”
इस कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “लखनऊ पेक्स” रहा। राज्यपाल और उद्यान मंत्री द्वारा विशेष आवरण, विशेष विरूपण तथा जन भवन की स्थापत्य कला एवं पुष्प थीम पर आधारित चित्र पोस्टकार्ड के चार सेट का भव्य विमोचन किया गया। ये डाक सामग्रियां जन भवन की विशिष्ट वास्तुकला को दर्शाती हैं और डाक टिकट संग्रहकर्ताओं (फिलैटलिस्टों) के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी राज्य में उद्यानिकी के क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ‘हॉर्टिकल्चर एक्सपोर्ट प्रमोशन बोर्ड’ के माध्यम से मलिहाबाद के आम जैसे उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाया जा रहा है। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शुरू होने से किसानों को अपनी उपज वैश्विक बाजारों तक भेजने में और अधिक सुगमता होगी।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव, विशेष कार्याधिकारी (राज्यपाल) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (उद्यान) बी.एल. मीणा, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय, पूर्व डीजीपी डॉ. आर. पी. सिंह, मित्सुओ शुमादा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।

