प्रखर त्रिपाठी बने यूपी स्टेट रैपिड शतरंज चैंपियन; गोपाल कृष्णा ने जीता ब्लिट्ज का खिताब

Prashant

February 6, 2026

चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देशीय हॉल में यूपी स्टेट रैपिड शतरंज चैंपियनशिप

वाराणसी के कैंडिडेट मास्टर प्रखर त्रिपाठी ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया

लखनऊ: चौक स्टेडियम स्थित लालजी टंडन बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित यूपी स्टेट रैपिड शतरंज चैंपियनशिप का समापन हो गया है। प्रतियोगिता के बेहद रोमांचक नौवें और अंतिम चक्र में वाराणसी के कैंडिडेट मास्टर प्रखर त्रिपाठी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।

अंतिम राउंड में पहले बोर्ड पर खेलते हुए प्रखर त्रिपाठी ने प्रयागराज के हसनैन सिद्दीकी को पराजित कर पूरा अंक बटोरा। प्रखर ने कुल 8.5 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

अन्य प्रमुख परिणामों में ईशान लावण्या (आगरा): दूसरे बोर्ड पर प्रयागराज के शिवाय सिंह को हराकर 8 अंक प्राप्त किए। बेहतर टाई-ब्रेक के चलते उन्हें द्वितीय स्थान मिला। आदर्श सारस्वत (आगरा): तीसरे बोर्ड पर वाराणसी के माज इक़बाल को मात देकर 8 अंक जुटाए और तृतीय स्थान पर रहे।

अन्य प्रदर्शन: हसनैन सिद्दीकी, हर्षित अमरनानी, लक्ष्य निगम, रामानुज मिश्रा, संयम श्रीवास्तव, गर्वित जैन, गोपाल कृष्णा और विशाल भारती ने 7-7 अंक अर्जित किए। टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर ये खिलाड़ी क्रमशः चौथे से ग्यारहवें स्थान पर रहे।

ब्लिट्ज चैंपियनशिप: मेरठ के गोपाल कृष्णा अव्वल

वहीं, यूपी स्टेट ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मेरठ के गोपाल कृष्णा, शाहजहाँपुर के आयुष सक्सेना और आगरा के ईशान लावण्या तीनों ने ही बेहतरीन खेल दिखाते हुए 8-8 अंक हासिल किए। हालांकि, टाई-ब्रेक गणना के आधार पर गोपाल कृष्णा को विजेता घोषित किया गया। आयुष सक्सेना उपविजेता बने।ईशान लावण्या को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *