विधानसभा क्षेत्र 174-लखनऊ मध्य के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे डोर-टू-डोर सर्वे का जायजा लिया
लखनऊ। जनपद लखनऊ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे डोर-टू-डोर सर्वे का जायजा लेने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी धरातल पर उतरे। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 174-लखनऊ मध्य के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बड़ी जुगौली क्षेत्र स्थित बूथ संख्या 327 और 328 का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से नोटिस जारी करने और उनके निस्तारण की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
बूथ संख्या 327: यहाँ कुल 106 नोटिस जनरेट किए गए थे, जिनमें से 64 का निस्तारण हो चुका है। साथ ही 30 नए ‘फॉर्म-6’ प्राप्त कर उन्हें डिजिटाइज कर दिया गया है। बूथ संख्या 328: यहाँ 64 नोटिसों में से 54 का निस्तारण पूरा हो चुका है और 36 नए ‘फॉर्म-6’ कलेक्ट किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए निर्देश दिया कि जो भी नोटिस लंबित हैं, उन्हें आगामी एक सप्ताह के भीतर तामिला कराते हुए उनकी सुनवाई पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र के निवासियों से भी मुलाकात की। जिलाधिकारी ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और परिवार के पात्र सदस्यों (18 वर्ष से ऊपर) का नाम फॉर्म-6 के माध्यम से जुड़वाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर मनोज कुमार, तहसीलदार सदर श्री जे पी सिंह सहित चुनाव विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

