के.डी. सिंह ‘बाबू’ हॉकी: ध्यानचंद एकेडमी, नेवल टाटा और हॉली वर्ल्ड पंजाब क्वार्टर फाइनल में

Prashant

February 5, 2026

गोमती नगर विजयंत खंड के पद्म श्री मोहम्मद शाहिद स्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में

36वें ऑल इंडिया के.डी. सिंह ‘बाबू’ अंडर-14 जूनियर बॉयज़ प्राइज मनी हॉकी टूर्नामेंट

लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित विजयंत खंड के पद्म श्री मोहम्मद शाहिद स्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जा रहे 36वें ऑल इंडिया के.डी. सिंह ‘बाबू’ अंडर-14 जूनियर बॉयज़ प्राइज मनी हॉकी टूर्नामेंट में रोमांच अपने चरम पर है। लीग मैचों के पहले चरण की समाप्ति के बाद मेजर ध्यान चंद हॉकी एकेडमी (हरियाणा), नेवल टाटा हॉकी एकेडमी (ओडिशा) और हॉली वर्ल्ड स्कूल (पंजाब) ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

मैदान पर गोलों की बारिश प्रतियोगिता के दूसरे और तीसरे दिन एकतरफा मुकाबलों का बोलबाला रहा। 3 फरवरी को खेले गए मैचों में हॉली वर्ल्ड स्कूल पंजाब ने हॉकी त्रिपुरा को 12-0 के भारी अंतर से शिकस्त दी। वहीं, नेवल टाटा ओडिशा ने जय हॉकी एकेडमी तमिलनाडु को 5-0 से हराया। दिन का सबसे बड़ा स्कोर यूपी करम के नाम रहा, जिसने टाटा स्टील जमशेदपुर को 15-0 से रौंदकर अपनी दावेदारी पेश की।

संघर्षपूर्ण रहा 4 फरवरी का दिन बुधवार को हुए मुकाबलों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। दिन के पहले मैच में जय हॉकी एकेडमी तमिलनाडु ने हॉकी त्रिपुरा पर 1-0 की करीबी जीत दर्ज की। दूसरे मैच में मेजर ध्यान चंद एकेडमी हरियाणा ने टाटा स्टील जमशेदपुर को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-1 से पराजित किया। दिन का अंतिम मुकाबला नेवल टाटा ओडिशा और हॉली वर्ल्ड पंजाब के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

 टूर्नामेंट के अगले चरण में आज चार महत्वपूर्ण मैच खेले जा रहे हैं, जो इस प्रकार हैं। सुबह 10:30 बजे: एम.एम.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी (हरियाणा) बनाम पंजाब स्टेट स्पोर्ट्स एकेडमी (मोहाली)। दोपहर 12 बजे: राउंड ग्लास चंडीगढ़ बनाम हॉकी असम। दोपहर 1:30 बजे: एस.डी.ए. तमिलनाडु बनाम फ्लिकर ब्रदर हरियाणा। शाम: राजस्थान हॉकी एसोसिएशन बनाम एस.ई. ऑर्गेनाइजेशन मणिपुर। 11 फरवरी तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अब नॉकआउट राउंड की दौड़ और भी दिलचस्प हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *