एनबीआरआई में रंगों की बहार: दो दिवसीय ‘बोगनविलिया उत्सव’ का भव्य आगाज

Anoop

March 15, 2026

वनस्पति उद्यान में सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) की

दो दिवसीय ‘बोगनविलिया उत्सव 2026’ का मुख्य अतिथियों ने किया शानदार उद्घाटन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक वनस्पति उद्यान में शनिवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) की दो दिवसीय ‘बोगनविलिया उत्सव 2026’ का शानदार उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी एन.के.एस. चौहान और राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान, गोवा के निदेशक प्रो. सुनील कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इस पुष्पोत्सव की शुरुआत की।

वर्ष 2022 में शुरू हुआ यह वार्षिक आयोजन बहुत कम समय में प्रकृति प्रेमियों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के बीच एक प्रतिष्ठित मंच बन चुका है। संस्थान के वनस्पति उद्यान में चारों ओर बिखरी बोगनविलिया की सतरंगी छटा आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। उद्घाटन के अवसर पर अतिथियों ने संस्थान के वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देते हैं।

संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के.जे. सिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष उत्सव के प्रति उत्साह पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है। प्रदर्शनी में कुल 64 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया है, जिनकी ओर से विभिन्न श्रेणियों में 209 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। प्रतियोगिता को कुल 20 अलग-अलग वर्गों में विभाजित किया गया है, जहाँ पौधों के आकार, रंग और उनके रख-रखाव के आधार पर चयन किया जाएगा।

उत्सव का मुख्य आकर्षण एनबीआरआई द्वारा संरक्षित बोगनविलिया की 300 से अधिक किस्में हैं। इनमें संस्थान द्वारा विकसित और संरक्षित विशेष प्रजातियाँ जैसे: शाही किस्में: ‘बेगम सिकंदर’, ‘शुभ्रा’, ‘डॉ. बी.पी. पाल’, ‘डॉ. पी.वी. साने’। आकर्षक रंग: ‘अर्जुन’, ‘अर्चना’, ‘मेरी पामर स्पेशल’, ‘लॉस बानोस वैरिगेटा’ और ‘अरुणा’ रहा। ये प्रजातियां अपनी अनूठी बनावट और रंगों के कारण विशेषज्ञों और आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

फ्लोरीकल्चर मिशन और तकनीक का संगम

पुष्प प्रदर्शनी के साथ-साथ यहाँ CSIR फ्लोरीकल्चर मिशन का एक विशेष स्टॉल भी लगाया गया है। यहाँ किसानों और उद्यमियों को सजावटी पुष्पकृषि (Ornamental Floriculture) की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। विशेष रूप से ‘डीहाइड्रेटेड फ्लोरल क्राफ्ट्स’ तकनीक, जिसके माध्यम से फूलों को सुखाकर उनसे सुंदर कलाकृतियाँ बनाई जाती हैं, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित कर रही है।

राज्यपाल करेंगी विजेताओं को पुरस्कृत

इस दो दिवसीय महोत्सव का समापन कल, 15 मार्च 2026 को एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगी। रविवार सुबह 10:30 से शाम 05:30 बजे तक प्रदर्शनी खुली रहेगी। प्रदर्शनी देखने के साथ-साथ लोग अपनी पसंद के बोगनविलिया के पौधे भी खरीद सकते हैं, जिसके लिए बिक्री काउंटर स्थापित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *