NEET के दबाव में बेटे ने की पिता की हत्या, शव के किए टुकड़े; अब बोला- ‘सॉरी पापा’

Prashant

February 26, 2026

लखनऊ के आशियाना इलाके से दहला देने वाली घटना सामने आई

जहाँ एक 19 वर्षीय बेटे ने अपने ही पिता की नृशंस हत्या कर दी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 19 वर्षीय बेटे ने अपने ही पिता की नृशंस हत्या कर दी। हत्या की यह वारदात किसी पेशेवर अपराधी की तरह अंजाम दी गई, जिसमें आरोपी ने न केवल पिता को गोली मारी, बल्कि उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। बुधवार को जब पुलिस ने आरोपी किशोर को मीडिया के सामने पेश किया, तो उसके चेहरे पर पछतावा दिखा और उसने धीमी आवाज में कहा, “सॉरी पापा, सॉरी, गलती से हो गया।”

पुलिस जांच में सामने आया है कि पिता और पुत्र के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। पिता चाहते थे कि उनका बेटा NEET की परीक्षा पास करे और डॉक्टर बने, जबकि बेटा पढ़ाई के बजाय अपना खुद का रेस्टोरेंट चलाने का इच्छुक था। इसके अलावा, मृतक पिता की दूसरी शादी करने की योजना को लेकर भी घर में काफी विवाद था। इसी खींचतान ने 20 फरवरी को एक भयानक मोड़ ले लिया।

बीती 20 फरवरी की सुबह, पढ़ाई को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी बेटे ने अपने पिता की ही लाइसेंसी .315 बोर राइफल उठाई और उनके सिर में ‘पॉइंट-ब्लैंक रेंज’ से गोली मार दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मानें तो गोली इतनी करीब से मारी गई थी कि चेहरे का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था।

हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्यों को मिटाने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची। उसने ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म और ई-कॉमर्स वेबसाइट के जरिए दो आरी, चाकू और एक बड़ा नीला प्लास्टिक ड्रम मंगवाया। इसके बाद उसने बेरहमी से पिता के शव के टुकड़े किए। धड़ को घर के अंदर ही नीले ड्रम में छिपा दिया, जबकि शरीर के अन्य अंगों को प्लास्टिक बैग में भरकर नादरगंज नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। खून से सने कपड़ों और कंबल को उसने केरोसिन डालकर सरोजिनी नगर के जंगल में जला दिया।

ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलासा

खुद को बचाने के लिए आरोपी ने 23 फरवरी को आशियाना थाने जाकर पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। हालांकि, उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चली। आशियाना के सब-इंस्पेक्टर अग्रचारी यादव ने उसे संदिग्ध हालत में एक बैग फेंकते देखा, जिसके बाद उसकी ‘बॉडी लैंग्वेज’ पर शक हुआ। 24 फरवरी की शाम पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर से धड़, नहर से कटे हुए अंग, रेलवे ट्रैक के पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार (चाकू-आरी) और जंगल से जली हुई राख बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार को जब उसे लोकबंधु अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया, तो वह बार-बार अपनी नजरें नीची कर ‘गलती’ की बात दोहराता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *