रक्षामंत्री ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान बदली है, प्रदेश विकास का पर्याय बन चुका है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा प्लांट ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है
लखनऊ। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने आज सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में अशोक लेलैण्ड के नवीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया, प्लांट का अवलोकन किया तथा परिसर में सिंदूर और रुद्राक्ष का पौधरोपण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अपनी पहचान बदली है और आज यह प्रदेश विकास का पर्याय बन चुका है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को जिस प्रकार सुदृढ़ किया गया है, वह अपने आप में मिसाल है। सुरक्षित माहौल के कारण उद्योगपति और निवेशक बिना किसी भय के यहां निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में स्थापित वर्ल्ड क्लास ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड कमर्शियल व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट प्रदेश की औद्योगिक यात्रा में मील का पत्थर साबित होगी। उत्तर प्रदेश देश के विकास में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अशोक लेलैण्ड का यह प्लांट प्रदेश के प्रति उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। इंटीग्रेटेड पैसेंजर और बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की प्रारंभिक क्षमता 2,500 यूनिट प्रतिवर्ष है, जिसे चरणबद्ध रूप से 5,000 यूनिट तक बढ़ाया जाएगा। यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप है। इससे प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। हिंदुजा समूह द्वारा प्रतिवर्ष 10,000 युवाओं को स्किल डेवलपमेंट से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार के साथ एमओयू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब असीम संभावनाओं का नहीं, बल्कि संभावनाओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन चुका है और इंडस्ट्री फर्स्ट व इन्वेस्टर फर्स्ट के दृष्टिकोण से देश-दुनिया के निवेशकों की प्रमुख पसंद है। कार्यक्रम को केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने भी संबोधित किया।

