मध्य संभाग की समीक्षा बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भागीदारी जरूरी है
ग्रामीण क्षेत्रों से दूरी बना रहे लोगों को मूल स्थान से जोड़ने पर महासभा का फोकस
लखनऊ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा उत्तर प्रदेश आगामी वर्ष में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के साथ ही विधान परिषद एवं विधान सभा चुनाव में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी। यह बात महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डा. इंद्रसेन श्रीवास्तव ने रविवार को महासभा के मध्य संभाग की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आगामी त्रिस्तरीय चुनाव में सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ऐसा करके ग्रामीण क्षेत्रों से दूरी बना रहे लोगों को उनके मूल स्थान से जोड़ा जा सकेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आगामी विधान परिषद और विधान सभा चुनाव में महासभा राष्ट्रीय राजनैतिक दलों एवं गठबंधन के स्वजातीय प्रत्याशियों के लिए सहयोग प्रदान करेगी। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन व्यक्ति और व्यक्तित्व की पहचान है। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ के विकास बख्शी ने संगठन को मजबूत करने हेतु कार्य योजना बनाने पर जोर दिया।
बैठक में लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव ने पदाधिकारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रदेश महामंत्री श्याम चंद्र श्रीवास्तव ने जनपदों की समीक्षा करते हुए इकाइयों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। संचालन कार्यकारी प्रदेश महामंत्री राकेश श्रीवास्तव एवं अध्यक्षता कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मध्य संभाग संतोष निगम ने की।

बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा भगवान चित्रगुप्त जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजनैतिक प्रकोष्ठ ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राम प्रकाश श्रीवास्तव, गिरीश श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव, सचिव धीरज श्रीवास्तव, शोभित कुलश्रेष्ठ, कोषाध्यक्ष अमोद श्रीवास्तव, और मध्य संभाग के जिलाध्यक्ष/महामंत्री उपस्थित रहे।

