मां की बहादुरी से बची छह वर्षीय बच्चे की जान, तेंदुए से भिड़ी 10 मिनट तक

Anoop

November 23, 2025
  • जंगल किनारे गांव में तेंदुए का हमला
  • मां ने जोखिम उठाकर बच्चे को जबड़े से छुड़ाया
  • दोनों गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में उपचार

लखनऊ। कतर्नियाघाट जंगल से सटे दुर्गा गौढ़ी गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक छह वर्षीय जितिन पर हमला कर उसे घसीटने की कोशिश की। इसी दौरान मां श्रीदेवी (37) बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गईं। करीब 10 मिनट तक चली इस खतरनाक जद्दोजहद में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने बेटे को मौत के पंजों से छुड़ा लिया।

हमले के दौरान तेंदुए ने श्रीदेवी को भी कई बार निशाना बनाया, लेकिन वह डटी रहीं। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। भीड़ देखकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद परिवारजनों ने देर रात ही निजी वाहन की मदद से घायलों को मिहींपुरवा सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वन विभाग की धौरहरा रेंज टीम रात में ही गांव पहुंची और पगचिह्नों की जांच कर हमले की पुष्टि की। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

सीमा विवाद से अटका मुआवजा

ग्राम प्रधान प्रेम मुरारी के मुताबिक, गांव दो वन रेंजों की सीमा पर होने के चलते पीड़ितों को अभी तक किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली है। प्रशासन यह तय करने में देर लगा देता है कि जिम्मेदारी किसकी है, और इसी का खामियाजा ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *