रक्षाबंधन पर 63 लाख महिलाओं ने यूपी रोडवेज बसों में निशुल्क सफर किया
66 घंटे तक बसों में यह यात्रा फ्री रही, पुरुष सहयात्रियों को भी मिला लाभ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं व उनके सहयात्रियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों में 63 लाख महिलाओं व 15 लाख सहयात्रियों ने बसों में फ्री यात्रा की। रोडवेज प्रशासन ने 11813 बसों का संचालन किया था।
यूपी रोडवेज एमडी मासूम अली सरवर ने जानकारी दी कि यह अपने आप में एक रेकॉर्ड है। इस वर्ष रेकॉर्ड 66 घंटे तक के लिए फ्री यात्रा की सुविधा 63 लाख महिलाओं को दी गई। महिलाओं के संग 15 लाख सहयात्रियों ने भी निशुल्क यात्रा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कदम महिलाओं को बेहद पसंद आया। यह महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा को नई दिशा देने वाला रहा। रोडवेज अफसरों, कर्मचारियों की भी प्रशंसा की गई।
रोडवेज के सभी 20 क्षेत्रों में कुल 11813 बसें संचालित हुईं। जिसमें आगरा में 584, गाजियाबाद में 953, मेरठ में 880, सहारनपुर में 645, नोएडा में 305, अलीगढ़ में 650, मुरादाबाद में 816, बरेली में 634, हरदोई में 857, इटावा में 505, कानपुर में 555, झांसी में 215, लखनऊ में 880, अयोध्या में 378, देवीपाटन में 317, चित्रकूट में 404, प्रयागराज में 605, आजमगढ़ में 446, गोरखपुर में 851, वाराणसी मे 879 बसें चलाईं गईं।
नौ वर्षों में पहली बार इतनी महिलाओं ने की यात्रा
रक्षाबंधन पर बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा वर्ष 2017 में शुरू की गई थी। उस दौरान यह सुविधा 24 घंटे के लिए थी। वर्ष 2017 में 11.16 लाख महिलाओं, वर्ष 2018 में 11.69 लाख, वर्ष 2019 में 12.04 लाख, वर्ष 2020 मे 7.36 लाख, वर्ष 2021 में 9.63 लाख, वर्ष 2022 में 22.32 लाख,वर्ष 2023 में 29.29 लाख एवं वर्ष 2024 में 19.78 लाख महिलाओं ने मुफ्त यात्रा का लाभ उठाया।