पद्मश्री मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक टर्फ हॉकी स्टेडियम, विजयंत खंड, गोमती नगर में हुआ आरंभ
उद्घाटन ओलंपियन मेरविन फर्नांडिस (अर्जुन अवार्डी एवं 1980 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता) ने किया
लखनऊ। पद्मश्री मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक टर्फ हॉकी स्टेडियम, विजयंत खंड, गोमती नगर में आज से 36वीं अखिल भारतीय के.डी. सिंह ‘बाबू’ अंडर-14 सब-जूनियर बालक प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हुआ। 11 फरवरी तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि ओलंपियन मेरविन फर्नांडिस (अर्जुन अवार्डी एवं 1980 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता) ने किया।
इस अवसर पर के.डी. सिंह ‘बाबू’ मेमोरियल सोसाइटी के अध्यक्ष अमित घोष (IAS) और सोसाइटी के उपाध्यक्ष व बाबू जी के पुत्र कुंवर धीरेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ओलंपियन सैयद अली, सुजीत कुमार, इमरानुल हक, मुकुल लाल साह, गजेंद्र सिंह, राकेश टंडन, खुर्शीद अहमद और गुरतोष पांडेय सहित भारी संख्या में हॉकी प्रेमी मौजूद थे।
उद्घाटन दिवस पर तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें गोलों की जमकर बरसात हुई। होली वर्ल्ड्स, पंजाब बनाम जय हॉकी एकेडमी, तमिलनाडु के बीच मुकाबले में पंजाब ने तमिलनाडु को 5-2 से हराकर विजयी शुरुआत की। नवल टाटा, ओडिशा बनाम हॉकी त्रिपुरा के बीच मुकाबले में ओडिशा ने एकतरफा मुकाबले में त्रिपुरा को 10-0 के भारी अंतर से शिकस्त दी। यूपी करम बनाम मेजर ध्यानचंद एकेडमी, हरियाणा के बीच मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 10-0 से हराया।
कल मंगलवार को लीग चरण के निम्नलिखित मैच खेले जाएंगे
- सुबह 11:30 बजे: होली वर्ल्ड्स पंजाब बनाम हॉकी त्रिपुरा
- दोपहर 01:00 बजे: नवल टाटा ओडिशा बनाम जय हॉकी एकेडमी, तमिलनाडु
- दोपहर 02:30 बजे: यूपी करम बनाम टाटा स्टील, जमशेदपुर


