संसदीय समिति के साथ रामलला दर्शन की प्रबल संभावना
2016 में हनुमानगढ़ी में पहले भी कर चुके हैं दर्शन-पूजन
अयोध्या। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक बार फिर अयोध्या आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, 23 जनवरी को अयोध्या पहुंचने वाली रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति के साथ राहुल गांधी भी रामनगरी आ सकते हैं। यदि यह दौरा होता है तो वह रामलला के दर्शन करने वाली समिति का हिस्सा होंगे।
बताया जा रहा है कि 32 सदस्यीय संसदीय समिति 23 जनवरी को अयोध्या भ्रमण पर आ रही है। समिति के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह हैं। यात्रा के दौरान समिति के सदस्य रामलला के दर्शन के साथ-साथ कैंट क्षेत्र का भी दौरा करेंगे। इस समिति में राहुल गांधी का नाम शामिल होने के बाद उनके अयोध्या आगमन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राहुल गांधी इससे पहले वर्ष 2016 में अयोध्या आए थे। उस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया था और अखाड़ा परिषद के तत्कालीन अध्यक्ष महंत ज्ञानदास से आशीर्वाद भी लिया था। यदि वह इस बार राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करते हैं, तो इसे उनके पिछले दौरे की तुलना में अधिक महत्वपूर्ण और स्पष्ट राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करते हैं। उनका अयोध्या आना भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक हो सकता है। हालांकि, कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि अभी तक राहुल गांधी के अयोध्या आगमन को लेकर कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल, राहुल गांधी की यात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन यदि वह 23 जनवरी को अयोध्या आते हैं तो रामनगरी एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ सकती है।

