त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने के निर्देश
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने होली के पावन पर्व विशेष निर्देश दिए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने होली के पावन पर्व पर यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन निगम को विशेष निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने 28 फरवरी से 9 मार्च तक प्रदेश भर में अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया है। विशेष रूप से दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निम्नलिखित कदम उठाए गए हैं। निगम की सभी बसों को सड़कों पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। अनुबंधित बसों की छुट्टी रद्द की गई है। निजी अनुबंधित बसों के स्वामियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वाहनों की मरम्मत कराकर उन्हें संचालन हेतु उपलब्ध रखें।
बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, खिड़कियों के शीशे और सीटों की बेहतर स्थिति सुनिश्चित की जाएगी। चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट नियमित रूप से किया जाएगा। पर्व के दौरान दिन-रात सेवा देने वाले संविदा, आउटसोर्सिंग और नियमित कर्मचारियों के लिए सरकार ने विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की है।
चालक और परिचालक को 10 दिन की प्रोत्साहन अवधि में प्रतिदिन औसतन 300 किमी चलाने पर ₹3,600 की एकमुश्त राशि। 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी और निर्धारित मानक पूरे करने पर ₹4,500 तक का लाभ। निर्धारित मानक से अधिक दूरी तय करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर का अतिरिक्त मानदेय दिया जायेगा।
कार्यशाला कर्मचारियों को 10 दिन लगातार ड्यूटी करने पर ₹2,100 और 9 दिन की ड्यूटी पर ₹1,800 का पुरस्कार। अधिकारी और डिपो के उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्रीय प्रबंधकों को ₹10,000 और सेवा प्रबंधकों को ₹5,000 की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। परिवहन मंत्री ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बस स्टेशनों पर साफ-सफाई की उत्तम व्यवस्था रखी जाए ताकि यात्रियों का सफर सुखद और मंगलमय हो।
बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगा सम्मान
परिवहन मंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलेगा, वहां तत्काल अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही, पूरे प्रदेश में सर्वाधिक आय प्राप्त करने वाले टॉप 3 क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और टॉप 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निगम द्वारा विशेष प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

