स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की स्मृति में गूंजा “जय हो” का उद्घोष

Prashant

March 24, 2026

गोमती नगर स्थित टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को

स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की पर भव्य स्मृति समारोह

लखनऊ। गोमती नगर स्थित टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रांगण में मंगलवार को वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। डॉ. दरबारी लाल अस्थाना ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति के रंगों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान’ रहा, जिससे उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ शिक्षाविद एवं संरक्षक महादेव प्रसाद यादव तथा टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या लक्ष्मी सिंह को अलंकृत किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ नृत्य निर्देशिका रत्ना अस्थाना के निर्देशन में सजे सांस्कृतिक कार्यक्रम “जय हो” की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद नन्ही छात्रा शिवांगी ने ‘सेव अर्थ’ का संदेश देकर सबका ध्यान खींचा। ‘आरंभ है प्रचंड’ और ‘देश मेरे’ जैसे गीतों पर छात्राओं ने शौर्यपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि ‘तेरी मिट्टी’ की मार्मिक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह की आंखें नम कर दीं।

इस अवसर पर डॉ. अस्थाना के पुत्र पुनीत अस्थाना ने उनके क्रांतिकारी जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान के लिए वर्ष 1972 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें ताम्रपत्र से सम्मानित किया था।

सम्मानित अतिथि महादेव प्रसाद यादव ने बच्चों को मोबाइल की लत से बचने का प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष वाजपेई ने किया, जबकि डॉ. अस्थाना की पुत्रवधू शुभ्रा अस्थाना ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में देशभक्ति कविताओं और मेधावी छात्राओं के पुरस्कृत होने के साथ राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *