सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सशक्त सेतु है: विशाल सिंह

Prashant

December 13, 2025

मुख्यालय एवं जनपदीय सूचना अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

निदेशक ने कहा डिजिटल एवं आधुनिक तकनीक से बेहतर होगा प्रचार-प्रसार

लखनऊ सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सूचना निदेशालय के सभागार में मुख्यालय एवं सभी जनपदीय सूचना अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विभागीय कार्यप्रणाली में एकरूपता लाना, सूचना तंत्र को अधिक प्रभावी बनाना व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का तथ्यपरक एवं समयबद्ध प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना रहा।

निदेशक सूचना विशाल सिंह ने कहा कि सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच विश्वास का सशक्त सेतु है। सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों को सरल, स्पष्ट और प्रमाणिक रूप में जनमानस तक पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में भ्रामक और नकारात्मक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखते हुए तथ्यों के साथ संतुलित एवं त्वरित प्रतिक्रिया देना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

निदेशक सूचना ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के साथ कार्य करें। सभी अधिकारी अपने-अपने जनपदों में पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और समर्पण के साथ सरकार के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें। उन्होंने आधुनिक तकनीक, डिजिटल मीडिया और सभी उपलब्ध प्रचार माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया। साथ ही विगत आठ वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सही और स्पष्ट जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए, जिससे किसी प्रकार की भ्रांति की स्थिति न रहे।

अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि जनपदों में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित सक्सेस स्टोरी, लेख और फीचर तैयार कर प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने बताया कि जनपदीय कार्यालयों को और अधिक सुव्यवस्थित व सुदृढ़ बनाया जाएगा, जिससे कार्य निष्पादन में कोई बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समन्वित प्रयासों से ही योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यशाला में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह ने विभागीय बजट, वित्तीय प्रावधानों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक चंद्र मोहन ने उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक अनुराग प्रसाद, सतीश चंद्र भारती, जितेंद्र प्रताप सिंह, चंद्र विजय वर्मा, अमित यादव सहित मुख्यालय एवं जनपदों के सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *