सीएसआईआर–एनबीआरआई, लखनऊ में दो दिवसीय गुलदाउदी एवं कोलियस पुष्प प्रदर्शनी–2025 का शुभारंभ

Anoop

December 20, 2025

सीएसआईआर–एनबीआरआई की दो दिवसीय गुलदाउदी व कोलियस पुष्प प्रदर्शनी शुरू

प्रदर्शनी का उद्घाटन वनस्पति उद्यान के सेंट्रल लॉन में आईएएस एम. देवराज ने किया

लखनऊ। सीएसआईआर–राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ के वनस्पति उद्यान स्थित सेंट्रल लॉन में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक गुलदाउदी एवं कोलियस पुष्प प्रदर्शनी–2025 का शुभारंभ शनिवार को रंग-बिरंगे फूलों की मनोहारी छटा और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ। पुष्प प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में आमजन, पुष्प-प्रेमी, विद्यार्थी, किसान और शोधार्थी एनबीआरआई पहुँचे और पुष्प वैविध्य का आनंद लिया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन आईएएस एम. देवराज ने किया। इस दौरान सीएसआईआर–एनबीआरआई निदेशक डॉ. अजित कुमार शासनी समेत अन्य वैज्ञानिक भी मौजूद रहे। अतिथियों ने पुष्प प्रदर्शनियों को देखकर वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना की और पुष्पकृषि के क्षेत्र में संस्थान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

95 प्रदर्शक, 671 प्रविष्टियाँ, 75 विशिष्ट गुलदाउदी किस्में

प्रदर्शनी संयोजक एवं संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. के. जे. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में 95 प्रदर्शकों ने भाग लिया है। कुल 671 प्रविष्टियां मिलीं। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पुष्पकृषि उद्योग एवं इससे जुड़े वैज्ञानिक, तकनीकी और व्यावसायिक पहलुओं के प्रति जनसामान्य में जागरूकता पैदा करना है। प्रदर्शनी में आगंतुकों को फूलों के विविध रंगों, प्रकारों, आकारों और उनके संवर्धन की आधुनिक पद्धतियों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला।

प्रदर्शनी में गुलदाउदी की 75 विशिष्ट एवं आकर्षक किस्मों को विशेष रूप से आमजन के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही, सीएसआईआर, नई दिल्ली द्वारा संचालित राष्ट्रीय पुष्पकृषि मिशन की जानकारी प्रदान करने के लिए एक पृथक स्टॉल भी लगाया गया है, जहाँ आमजन, किसान और पुष्प-प्रेमी वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारियाँ प्राप्त कर रहे हैं। मिशन से जुड़े लाभार्थी किसानों द्वारा अपनी पुष्प उपज को आमजन के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है, जिससे किसानों और उपभोक्ताओं के बीच प्रत्यक्ष सहभागिता को प्रोत्साहन मिला है।

वैज्ञानिकों से संवाद, किसानों और उपभोक्ताओं की सीधी सहभागिता

पुष्प प्रदर्शनी आम जनता को सीएसआईआर–एनबीआरआई के वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का मंच प्रदान करती है। आगंतुक यहाँ गुलदाउदी एवं कोलियस से संबंधित कृषि प्रौद्योगिकी, व्यावसायिक कट-फ्लावर किस्मों, पौध उत्पादन, रोग-प्रबंधन और बाजार संभावनाओं के विषय में उपयोगी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इससे पुष्पकृषि को आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में जागरूकता बढ़ी है।

मुख्य रनिंग चैलेंज कप एवं ट्रॉफी विजेता

घोषित मुख्य रनिंग चैलेंज कप एवं ट्रॉफियों में “प्रदर्शनी का राजा” का सम्मान (बड़े फूल वाली गुलदाउदी – एक पौधे में एक फूल, वर्ग ई-1) के लिए सौभाग्य श्रीवास्तव, सेलिब्रिटी गार्डन, अंसल को प्रदान किया गया। “प्रदर्शनी की रानी” (छोटे फूल वाली गुलदाउदी, वर्ग ई-2) का खिताब अल्फ्रेड गोम्स, ला मार्टिनियर कॉलेज, लखनऊ को मिला। प्रदर्शनी का राजकुमार”(स्पाइडर गुलदाउदी – एक पौधे में एक फूल, वर्ग ई-3) का पुरस्कार मिशिका, देवलोक कॉलोनी, नीलमथा, लखनऊ को दिया गया।

प्रदर्शनी से पूर्व विभिन्न वर्गों में प्रदर्शित प्रविष्टियों का मूल्यांकन विशिष्ट निर्णायकों द्वारा किया गया। यह प्रदर्शनी शनिवार को आम जनता के लिए दोपहर 2 से शाम 5:30 बजे तक खुली रही। रविवार, 21 दिसंबर को सुबह 10 से शाम 5:30 बजे तक खुली रहेगी।

प प्रदर्शनी का समापन 21 दिसंबर को शाम 4 बजे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यानिकी, विपणन, विदेश व्यापार एवं कृषि-निर्यात  दिनेश प्रताप सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे, जबकि महेंद्र कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव (प्रशासन), सीएसआईआर, नई दिल्ली विशिष्ट अतिथि होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *