सिविल अस्पताल में स्ट्रेचर, व्हीलचेयर व चिकित्सा उपकरणों का वितरण

Anoop

January 2, 2026

रेडक्रॉस की पहल से अस्पतालों को मिले स्ट्रेचर, व्हीलचेयर और पल्स ऑक्सीमीटर

 स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में रेडक्रॉस का सेवा कार्यक्रम आयोजित

लखनऊ।डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय (सिविल), लखनऊ में शुक्रवार को स्ट्रेचर, व्हीलचेयर एवं चिकित्सा उपकरण वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, शाखा लखनऊ द्वारा किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, लखनऊ के चेयरमैन ओ.पी. पाठक, सचिव अमरनाथ मिश्र एवं कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रामानन्द कटियार, सचिव इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश तथा डॉ. जी.पी. गुप्ता, अपर निदेशक चिकित्सा, लखनऊ मंडल को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सिविल अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल एवं लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय को समान रूप से 30 स्ट्रेचर, 30 व्हीलचेयर तथा 1000 पल्स ऑक्सीमीटर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों से जरूरतमंद रोगियों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

कार्यक्रम में स्ट्रेचर व व्हीलचेयर दान करने वाले दानदाताओं—नवीन गुप्ता, अमित अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, दीपक अग्रवाल एवं रजत कुमार गुप्ता—को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी वर्ग सदैव समाज सेवा और दान कार्यों में अग्रणी रहा है, इसी कारण उन्हें दानवीर की संज्ञा दी जाती है। उन्होंने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के मानवीय सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था की जनहितकारी पहलें प्रेरणादायक हैं।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, लखनऊ के चेयरमैन ओ.पी. पाठक ने कहा कि निर्धन, असहाय, वृद्ध एवं दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एक महान सेवा है। वहीं सचिव अमरनाथ मिश्र ने समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम में सिविल अस्पताल की निदेशक डॉ. कजली गुप्ता, बलरामपुर अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता आर्या, लोकबंधु अस्पताल की निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *