सिंगापुर में गरजे योगी: “अब यूपी में न कर्फ्यू, न दंगा, सब चंगा है”; निवेश के लिए भारतीय डायस्पोरा को किया आमंत्रित

Prashant

February 24, 2026

सिंगापुर में ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में सीएम ने भारतीय समुदाय (डायस्पोरा) को संबोधित किया

प्रवासी भारतीयों को अपनी मातृभूमि के विकास में सहभागी बनने और निवेश करने का आह्वान किया

सिंगापुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सिंगापुर यात्रा के दौरान ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में भारतीय समुदाय (डायस्पोरा) को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने ‘नये उत्तर प्रदेश’ की बदलती तस्वीर पेश करते हुए प्रवासी भारतीयों को अपनी मातृभूमि के विकास में सहभागी बनने और निवेश करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी से बाहर निकलकर भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। पिछले 9 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में लगभग तीन गुना की वृद्धि हुई है। उन्होंने राज्य की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर: भारत के 55% एक्सप्रेस-वे और सबसे बड़ा रेल नेटवर्क यूपी में है।

विमानन क्षेत्र के अंतर्गत प्रदेश में सर्वाधिक एयरपोर्ट हैं और अगले माह प्रधानमंत्री नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, जो कार्गो और पैसेंजर का बड़ा केंद्र बनेगा। मैन्युफैक्चरिंग: देश के 55% मोबाइल फोन और 60% इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे हैं। साथ ही डिफेंस कॉरिडोर, फिल्म सिटी और सेमीकंडक्टर यूनिट्स पर तेजी से काम हो रहा है।

निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अब यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा है, यूपी में सब चंगा है।” उन्होंने बताया कि 75,000 एकड़ का लैंड बैंक और 34 से अधिक सेक्टोरल पॉलिसीज के कारण उत्तर प्रदेश निवेश के लिए सबसे सुरक्षित और सुगम स्थान बन गया है। अब प्रदेश में महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मथुरा-वृन्दावन का जिक्र करते हुए कहा कि आज यूपी में विरासत और आधुनिकता का अद्भुत समन्वय है। उन्होंने आगामी प्रयागराज महाकुम्भ-2025 का उल्लेख करते हुए इसे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का जीवंत उदाहरण बताया।

सिंगापुर से लखनऊ तक शिक्षा का विस्तार

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल अब लखनऊ में भी निवेश करने जा रहा है, जिससे प्रदेश में शिक्षा और स्किलिंग के नए अवसर पैदा होंगे। अंत में, उन्होंने प्रवासी भारतीयों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए उनकी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *