प्रेस वार्ता में गिनाए अधिनियम के प्रमुख प्रावधान और लाभ
ग्राम चौपाल में विकास, रोजगार और स्मार्ट गांव का संकल्प
लखनऊ/आगरा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम–2025 (वीबी–जी राम जी) गांवों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कानून है। इस अधिनियम के माध्यम से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गांव का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है। इससे ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार के साथ सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री आगरा पहुंचने पर खेरिया एयरपोर्ट से सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां प्रेस वार्ता कर उन्होंने वीबी–जी राम जी अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण श्रमिकों को 100 दिन के स्थान पर 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलेगी। जॉब कार्ड तीन वर्षों के लिए बनाया जाएगा। ग्राम पंचायतों को विकास पैरामीटर के आधार पर ए, बी और सी श्रेणी में विभाजित किया जाएगा, जिससे सभी गांवों को समान विकास अवसर मिल सकें।
गांवों की बेहतर योजना के लिए पीएम गति शक्ति, जीआईएस और अन्य आईटी टूल्स का उपयोग किया जाएगा। अधिनियम में बायोमेट्रिक, मोबाइल एप और फेस रीडिंग जैसी डिजिटल तकनीकों को शामिल किया गया है। साप्ताहिक भुगतान, प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की व्यवस्था, स्कूलों में किचन शेड और लैब निर्माण जैसे प्रावधान भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगेगा और ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर बनेगा।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत पैंतीखेड़ा में सती माता मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल ग्राम चौपाल को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया, फीता काटकर चौपाल का शुभारंभ किया और जी राम जी तथा विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया।
ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वीबी–जी राम जी के माध्यम से मनरेगा को भ्रष्टाचार से मुक्त कर स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांव विकसित किए जाएंगे। ग्रामीण सड़कों, नालियों, जल निकासी और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि आगरा शहर की तरह अब गांवों की गलियां भी चमकेंगी। हर गांव में रोजगार के अवसर सृजित होंगे और लखपति दीदियों की संख्या बढ़ेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

