उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव की प्रेस वार्ता
प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर व युवा सशक्तिकरण की उपलब्धियां गिनाईं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने प्रेस वार्ता में प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर और युवा सशक्तिकरण की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं।
गिरीश चंद्र यादव, खेल मंत्री ने कहा कि “हमारी सरकार युवाओं को न केवल मैदान पर सशक्त बना रही है, बल्कि उन्हें ‘विवेकानन्द यूथ अवार्ड’ जैसे सम्मानों के माध्यम से सामाजिक कार्यों के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। सांसद और विधायक खेल स्पर्धाओं में 3 लाख से अधिक युवाओं की सहभागिता हमारे विजन की सफलता का प्रमाण है।”
उन्होंने आंकड़ों के साथ स्पष्ट किया कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में मात्र 80 ग्रामीण स्टेडियम थे, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से अब इनकी संख्या बढ़कर 125 हो गई है। प्रदेश के 117 विकास खंडों को खेल सुविधाओं से आच्छादित किया जा चुका है।
वर्तमान में 39 नए ग्रामीण स्टेडियमों पर कार्य तेजी से चल रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 से इन स्टेडियमों को खेल उपकरणों के लिए निरंतर बजट दिया जा रहा है। साथ ही, युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से प्रशिक्षकों की तैनाती की जा रही है।
युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रदेश की 57,695 ग्राम पंचायतों में युवक एवं महिला मंगल दलों का जाल बिछाया गया है। अब तक 53,760 युवक मंगल दल और 52,354 महिला मंगल दलों का गठन किया जा चुका है। सरकार ने 96,000 से अधिक मंगल दलों को खेल प्रोत्साहन सामग्री उपलब्ध कराई है, शेष को जल्द ही किट वितरित की जाएगी।
राष्ट्रीय युवा उत्सव में यूपी का दबदबा
मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गर्व के साथ बताया कि उत्तर प्रदेश के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 28वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में यूपी को कहानी लेखन, कविता और पेंटिंग में स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। हाल ही में आयोजित 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव (विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026) में प्रदेश की लोकनृत्य टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
डिजिटल सशक्तिकरण: माय भारत और युवा साथी पोर्टल
माय भारत पोर्टल: इस पर प्रदेश के 19 लाख से अधिक युवा पंजीकृत हैं, जो स्वच्छता, नशामुक्ति और रक्तदान जैसी सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं। युवा साथी पोर्टल: शासन की समस्त योजनाओं की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराने वाले इस पोर्टल पर 12 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है।

