सिद्ध लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट की आशंका जताई है। उन्होंने निवेशकों को सोना, चांदी, बिटकॉइन और एथेरियम जैसी भौतिक संपत्तियों में निवेश कर खुद को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। यह चेतावनी भारतीय बाजार को भी प्रभावित कर सकती है। कियोसाकी का मानना है कि कागजी संपत्तियां जोखिम भरी हैं।

नई दिल्ली: जाने-माने लेखक और निवेशक रॉबर्ट कियोसाकी ने निवेशकों को अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट की चेतावनी दी है। उन्हें अपनी बेस्टसेलिंग किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लिए जाना जाता है। कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भारी गिरावट शुरू हो रही है: लाखों लोग बर्बाद हो जाएंगे। खुद को सुरक्षित रखें।’ कियोसाकी अपने अनोखे निवेश विचारों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि वॉल स्ट्रीट से लाखों डॉलर गायब हो सकते हैं क्योंकि बाजार आर्थिक मंदी का सामना कर रहा है। उन्होंने निवेशकों को सोना, चांदी, बिटकॉइन और एथेरियम जैसे ‘हार्ड एसेट्स’ (भौतिक संपत्ति) में निवेश करके खुद को बचाने की सलाह दी है। इन्हें वह अत्यधिक अस्थिरता के समय में सबसे सुरक्षित मानते हैं।
रॉबर्ट कियोसाकी की चेतावनी भले ही अमेरिकी बाजार पर केंद्रित है। लेकिन, दुनिया समेत भारतीय बाजार भी इससे अछूता नहीं रह सकता। जब अमेरिका या अन्य विकसित बाजारों में क्रैश आता है या मंदी की आशंका गहरी होती है तो विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सुरक्षा की तलाश में भारत जैसे उभरते बाजारों से अपना पैसा तेजी से निकालना शुरू कर देते हैं। इस बिकवाली के चलते भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। जैसा कि अतीत में भी कई ग्लोबल संकटों के दौरान देखा गया है। निवेशकों के करोड़ों रुपये एक ही दिन में डूब सकते हैं।

