आईपीएल की प्रमुख टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आज एक नए युग की शुरुआत
आरपीएसजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन शास्वत गोयनका ने इस बदलाव को भावनात्मक बताया
लखनऊ। आईपीएल की प्रमुख टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आज एक नए युग की शुरुआत करते हुए अपने आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। यह नया प्रतीक चिन्ह लखनऊ की तहजीब और उत्तर प्रदेश की शक्ति का एक अनूठा संगम है, जो टीम की जड़ों, गर्व और भविष्य के वादे को समेटे हुए है।
नया लोगो केवल एक ग्राफिक डिजाइन नहीं, बल्कि तीन शक्तिशाली प्रतीकों की एक कहानी है। आकाश की ऊंचाइयों को छूने का संकल्प और चुनौतियों के सामने निडर खड़े रहने की शक्ति। लखनऊ के नवाबी इतिहास और करोड़ों प्रशंसकों की उम्मीदों की जिम्मेदारी का प्रतीक। लोगो के केंद्र में स्थित हाथी बुद्धिमत्ता, एकता और प्रशंसकों के अटूट समर्थन को दर्शाता है।
आरपीएसजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन शास्वत गोयनका ने इस बदलाव को भावनात्मक बताते हुए कहा कि “लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लोगों ने हमें जो प्यार दिया, यह लोगो उसी को समर्पित है। यह केवल पहचान में बदलाव नहीं, बल्कि एक वादा है कि हम अपनी जड़ों को संजोए रखेंगे और पूरे दिल से प्रतिस्पर्धा करेंगे। हर रन और हर विकेट हमारे प्रशंसकों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करेगा।”
लखनऊ सुपर जायंट्स का यह नया लोगो अब टीम की नई जर्सी, मर्चेंडाइज़ और सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई देगा। यह बदलाव दर्शाता है कि टीम अब पहले से अधिक संगठित और अपनी क्षेत्रीय पहचान को लेकर गर्वित है।

