लखनऊ विश्वविद्यालय में ‘लाल बारादरी’ को लेकर भारी हंगामा: छात्र संगठनों के बीच टकराव और प्रशासनिक भवन का घेराव

Prashant

February 23, 2026

प्रदर्शनकारी छात्र प्रशासनिक भवन का घेराव कर नारेबाजी कर रहे हैं

छात्रों की मांग है कि इस विवि के इस भवन को तत्काल खोला जाए

लखनऊ लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक ‘लाल बारादरी’ भवन को लेकर सोमवार को कैंपस में भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस जर्जर इमारत को असुरक्षित घोषित कर इसके दरवाजों को बंद करने के निर्णय के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शनकारी छात्र प्रशासनिक भवन का घेराव कर नारेबाजी कर रहे हैं और उनकी मांग है कि इस भवन को तत्काल खोला जाए।

दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मैदान में उतर आए हैं। प्रशासनिक भवन के गेट पर प्रदर्शन करते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ‘जय शिवाजी-जय भवानी’ के नारे लगाए और आरोप लगाया कि विपक्षी छात्र संगठन जानबूझकर एक जर्जर ऐतिहासिक भवन को धार्मिक रंग देकर विश्वविद्यालय का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। एबीवीपी का तर्क है कि पठन-पाठन के केंद्र में इस तरह की जिद अनुचित है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि लाल बारादरी भवन काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है और सुरक्षा की दृष्टि से इसमें प्रवेश वर्जित है। कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा के निर्देश पर भवन के बाहर चेतावनी होर्डिंग भी लगा दिए गए हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि सरकार द्वारा इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए दी गई धनराशि का अब तक क्या उपयोग हुआ है? छात्रों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन, पुरातत्व विशेषज्ञों और छात्र प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति बनाई जाए ताकि इस मुद्दे पर पारदर्शी निर्णय लिया जा सके।

गौरतलब है कि रविवार देर शाम से ही प्रिंस प्रकाश, अहमद रजा, तौकील गाजी और नवनीत यादव समेत कई छात्र नेता धरने पर बैठे हुए हैं। कैंपस में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल, विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच गतिरोध बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *