लखनऊ में अटल खेल महोत्सव का भव्य आगाज़, ‘रन फॉर राम’ में उमड़ी भारी भीड़

Prashant

January 31, 2026

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्ज्वलन कर और हनुमान जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधिवत उद्घाटन किया

 मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी, महापौर सुषमा खर्कवाल व एमएलसी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह रहे मौजूद

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘क्रीड़ा से चरित्र का निर्माण, चरित्र से राष्ट्र का निर्माण’ के संकल्प के साथ क्रीड़ा भारती लखनऊ महानगर द्वारा आयोजित ‘अटल लखनऊ खेल महोत्सव – सीजन 3’ का शनिवार को ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ।

इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘अटल रन फॉर राम’ रहा, जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं और नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर एकता और खेल भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन प्रातः 1090 चौराहे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचारक आदरणीय कौशल जी द्वारा भगवा झंडी दिखाकर ‘अटल रन’ को रवाना करने के साथ हुआ।

के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहाँ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी, महापौर सुषमा खर्कवाल और एमएलसी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हनुमान जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव की विधिवत शुरुआत की।

इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि खेल न केवल अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य का माध्यम हैं, बल्कि यह चरित्र निर्माण में भी सहायक होते हैं, जो अंततः एक सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने खुद मैदान में उतरकर खो-खो प्रतियोगिता का टॉस किया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।

मैदान पर कबड्डी और खो-खो के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहाँ टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ‘रन फॉर राम’ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सक्षम कनौजिया ने प्रथम, राहुल राजभर ने द्वितीय और अविनाश सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में रूबी पहले, मोहिनी यादव दूसरे और मोहिनी तीसरे स्थान पर रहीं। क्री

ड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि सभी विजयी प्रतिभागियों को रविवार शाम 4 बजे नगद पुरस्कार, मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रान्त संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी, प्रान्त अध्यक्ष गोविन्द पाण्डेय और अन्य पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *